उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में दम्पति विवाद का ऐसा मामला सामने आया जो आरोप सहित कई बिन्दुओं पर सोचने को मजबूर कर दिया। आरोप के अनुसार जब पत्नी को दूसरे से प्यार हो गया तो उसने पति से तलाक की मांग करने लगी। इससे क्षुब्ध पति ने जमकर पत्नी की पिटाई कर दी और गमछे से पत्नी का गला दबाकर मारने का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन आनन-फानन लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां उसका इलाज चल रहा है। हालांकि इस मामले में किसी पक्ष ने थाने में कोई तहरीर नहीं दी है। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार निवासी बंदना ने अपने पति दिलीप निषाद पर गंभीर आरोप लगाया कि कुछ साल पहले उससे और उसके पति के बीच विवाद हुआ था। पति ने उसे दो बार मारा था। इससे क्षुब्ध होकर वह अपने घर चली गई। दोनों अलग-अलग रहने लगे। इसी बीच बंदना को किसी अन्य लड़के से प्यार हो गया। उधर, दिलीप अपनी पत्नी को फिर से लेने के लिए पहुंचा। दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता होने के बाद वह अपने ससुराल चली गई। बंदना ने अपने पति से तलाक मांगा। इससे नाराज होकर उसके पति ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। बंदना ने आरोप लगाया कि पति ने उसे जान से मारने की नियत से उसके गले को गमछे से कस दिया। जिसका निशान अभी भी गले में है। आसपास के लोगों ने किसी तरह उसे बचाया। इसके बाद बंदना के परिवार वाले उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां उसका उपचार चल रहा है। बंदना ने बताया कि इससे पूर्व दो बार उसके पति ने उसे मारापीटा था। उसने माफी मांगी थी तो हम उसके साथ रहने के लिए तैयार हुए। कप्तानगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला मेरे संज्ञान मेंं नहीं है। यदि शिकायत मिलेगी तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment