संवाददाता; तालिब खान
मुंबई: इस सप्ताह की शुरुआत में साकीनाका में मोबाइल चोरी के संदेह में पिता-पुत्र ने 30 वर्षीय एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान अशोक नगर, साकीनाका निवासी 30 वर्षीय अशोक तुलसे के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, अशोक ने कथित तौर पर सुरेश डुंगव का मोबाइल फोन चुरा लिया था। गुस्से में आकर 54 वर्षीय सुरेश और उसके बेटे 32 वर्षीय लक्ष्मण ने साकीनाका के काजूपाड़ा में अशोक को रोका और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। अशोक के सिर में गंभीर चोट लगी और वह बेहोश हो गया, जिसके बाद दोनों मौके से भाग गए।
निवासियों ने पुलिस को सूचना दी, जो मौके पर पहुंची और अशोक को घाटकोपर (पूर्व) के राजावाड़ी अस्पताल ले गई। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक डंपर चालक था। सुरेश पेंटर है, जबकि उसका बेटा डिलीवरी बॉय है।
अशोक के छोटे भाई आकाश (24) ने सुरेश और लक्ष्मण डुंगाव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने रविवार को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) और 3(5) (साझा इरादा) के तहत एफआईआर दर्ज की।
Post a Comment