अवैध कटान व अवैध शिकार में लिप्त अपराधियों के विरूद्ध हो कठोर कार्यवाही- डा0 अरूण कुमार सक्सेना




लखनऊ : वन विभाग ने इस वर्ष आयोजित होने वाले वृक्षारोपण महाअभियान की तैयारियां शुरू दी हैं। इस संबंध में प्रदेश के पर्यावरण, वन, जलवायु परिवर्तन एवं जन्तु उद्यान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा0 अरूण कुमार सक्सेना ने आज प्रदेश भर के वन अधिकारियों के साथ विधान भवन स्थित तिलक हाल में बैठक की और वृक्षारोपण महाभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त उन्होंने अन्य विभागीय योजनाओं एवं बजट की भी गहन समीक्षा की।
वन मंत्री ने कहा कि वर्ष 2015 से वर्ष 2024 तक 4,07,186 हेक्टेअर भूमि पर वृक्षारोपण किया जा चुका है। इस वर्ष वन विभाग के लिए 80 हजार हेक्टेयर भूमि पर 12.60 करोड़ वृक्षारोपण का लक्ष्य है। अन्य विभागों के लिए भी अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित किये गये हैं। व्यापक स्तर पर होने वाले वृक्षारोपण से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जायें। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के लिए पौधशालाओं में उपयुक्त ऊँचाई के स्वस्थ एवं गुणवत्तापूर्ण पौध की उपलब्धता सुनिश्चित की जाय। अवैध कटान व अवैध शिकार में लिप्त असामाजिक, अवांछित, आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही करते हुए तथा अवैध कटान व अवैध शिकार के प्रकरणों की संख्या शून्य की जाये। उन्होंने समस्त जिलों में इको पर्यटन के उपयुक्त विकास एवं पर्यवेक्षण के निर्देश दिये।
बैठक में जनपदवार उपलब्ध कुल वन भूमि, प्रभागों में स्थापित कुल पौधशालाओं एवं उपलब्ध कुल पौध की संख्या, वृक्षारोपण स्थलों के भौतिक सत्यापन एवं अनुश्रवण ईकाईयों द्वारा किए गए सर्वेक्षण की प्रगति तथा पेड़ बचाओ अभियान योजना के अन्तर्गत की गयी कार्यावाही पर गहन चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त कैम्पा योजना के अन्तर्गत विगत पाँच वर्षों में विभाग को प्राप्त कुल भूमि एवं कराए गए कुल वृक्षारोपण, वर्ष 2024-25 में राष्ट्रीय राजमार्गों व मुख्य जनपदीय मार्गों पर किए गए वृक्षारोपण/ थीम प्लान्टेशन, वन्य जीव अपराधों में विगत 3 वर्षों में पंजीकृत मामले एवं उनका निस्तारण, विगत तीन वर्ष में अवैध कटान की स्थिति, ग्रीन बिल्डिग के निर्माण के सम्बन्ध में की गयी कार्यावाही एवं वन विभाग के अन्तर्गत दैनिक श्रमिकों को न्यूनतम वेतन के सम्बन्ध में की गयी कार्यावाही सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विभागीय कार्यों की समीक्षा की गयी।
बैठक में प्रमुख सचिव, पर्यावरण, वन एव जलवायु परिवर्तन,  अनिल कुमार, प्रधान मुख्य वन संरक्षक और विभागाध्यक्ष,  सुनील चौधरी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्य जीव श्रीमती अनुराधा वैमुरी एवं मुख्यालय स्थित वरिष्ठ अधिकारियों सहित समस्त जनपद के मुख्य वन संरक्षक एवं वन संरक्षक ने प्रतिभाग किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post